छपरा
गंडक खतरे के निशान से ऊपर, गंगा व सरयू के जल स्तर में भी बढ़ोत्तरी
By Deshwani | Publish Date: 15/8/2017 9:30:25 AMछपरा, (हि.स.)। सारण जिले के छपरा में गंडक नदी का जलस्तर सोमवार को खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। वहीं गंगा एवं सरयू नदी के जलस्तर में भी वृद्धि हो रही है।
लगातार हो रही बारिश से नदियों का जल स्तर बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे के दौरान गंडक नदी के जलस्तर में दो फीट की वृद्धि हुई है और नेपाल से पानी छोड़े जाने के कारण अगले 24 घंटे तक लगातार जलस्तर में वृद्धि होने की आशंका बनी हुई है। जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिले की अन्य नदियां खतरे की निशान को छूने को तैयार हैं। सोमवार की सुबह आठ बजे गंगा, सरयू नदी का जल स्तर स्थिर पाया गया, लेकिन शाम को नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए तटबंधों की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।
डीएम हरिहर प्रसाद ने बताया कि बाढ़ के मद्देनजर विशेष चौकसी बरती जा रही है और प्रशासन किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। पुलिस बलों के साथ कनीय अभियंता अपने-अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे हैं। रिविलगंज थाना क्षेत्र के सिताब दियारा क्षेत्र में सरयू नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से बाढ़ व कटाव का खतरा बढ़ गया है। उत्तर प्रदेश के हिस्से वाले सिताब दियारा क्षेत्र में सरयू नदी ने कटाव तेज कर दिया है और आधा दर्जन से अधिक गांवों के करीब 400 परिवार के लोग विस्थापित हो गये हैं। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि सबसे ज्यादा खतरा गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से है, लेकिन प्रशासन किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।