बिज़नेस
यात्री के साथ दुर्व्यवहार के सबूत सुरक्षित रखेगी यूनाइटेड एयरलाइंस
By Deshwani | Publish Date: 16/4/2017 4:15:19 PMवाशिंगटन, (आईपीएन/आईएएनएस)। हाल ही में अपने यात्री के साथ दुव्र्यवहार को लेकर विवादों में आई विमानन कंपनी युनाइटेड एयरलाइंस ने घटना से संबंधित सबूत सुरक्षित रखने पर सहमति जताई है। मामले से जुड़े एक वकील ने यह जानकारी दी। यात्री को घसीटकर बाहर निकालने वाली घटना पर सबूत सुरक्षित रखने को लेकर युनाइटेड एयरलाइंस और शिकागो के बीच यह सहमति बनी है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पीड़ित यात्री डेविड दाओ के वकील थॉमस मेमेट्रियो ने शनिवार को बताया कि समझौते के अनुसार अगले सप्ताह होने वाली न्यायालय की सुनवाई फिलहाल नहीं होगी। शिकागो के ओ हारे अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर युनाइटेड एयलाइंस के अधिकारियों ने चालक दल के सदस्य को सीट देने के लिए पेशे से चिकित्सक वियतनाम मूल के 69 वर्षीय अमेरिका चिकित्सक को हिंसक तरीके से उनकी सीट से घसीटकर विमान के बाहर कर दिया था। इस घटना में दाओ को नाक पर गहरी चोट आई थी और उनके सामने के दो दांत टूट गए थे।
घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस एयरलाइंस का बहिष्कार करने के लिए आवाज उठाई थी।
इस घटना पर चारों ओर से आलोचना झेलने के बाद कंपनी ने माफी मांगी और दोबारा ऐसी घटना न होने को लेकर प्रतिबद्धता जताई। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि युनाइटेड समझौता करना चाहती है या अदालत में जाना चाहती है। वहीं, इस मामले पर शिकागो पर भी मुकदमा लगाया जा सकता है, क्योंकि घटना में संलिप्त अधिकारियों की नियुक्ति शिकागो द्वारा की गई थी।