बिज़नेस
पनकी पॉवर हाउस अब तीन गुना उत्पादन करेगा बिजली
By Deshwani | Publish Date: 9/1/2018 5:25:51 PMकानपुर (हि.स.)। उत्पादन लागत अधिक होने के चलते पनकी पॉवर हाउस की दो पुरानी यूनिटों को बंद कर दिया गया। इसकी जगह पर अत्याधुनिक तकनीक से तीन गुना अधिक उत्पादन करने वाली यूनिट को लगाया जाएगा। हालांकि नई यूनिट लगाने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा, तब तक यहां के कर्मचारियों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।
पनकी पॉवर हाउस में करीब चालीस वर्ष पुरानी दो यूनिट चल रही थीं। जिनमें उत्पादन लागत अधिक आती थी। दोनों यूनिटों में क्रमशः 110-110 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता था। लेकिन कई बार तकनीकी खराबी के चलते इसमें कमी कर दी गई थी। जिसके चलते राज्य विद्युत उत्पादन निगम ने 19 अप्रैल 2017 को एक सर्कुलर जारी किया था। जिसके तहत पनकी की यूनिट नंबर तीन को छह माह व चार को उसके छह माह बाद बंद कर दिया जाएगा। सर्कुलर जारी होने पर कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी, जिस पर पनकी पॉवर प्रबंधन कई दौर की बैठके राज्य विद्युत निगम से की। लेकिन अंततः इन दोनों यूनिटों को बंद करने पर मुहर लग गई। इसकी जगह पर 660 मेगावाट की एक नई यूनिट लगेगी। जो अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी और उत्पादन लागत भी कम आएगा।
पनकी पॉवर हाउस के प्रबंध निदेशक एचपी सिंह ने बताया कि राज्य विद्युत उत्पादन निगम के तापीय परिचालन इकाई के मुख्य अभियंता एस.पी. चौबे ने दोनों यूनिटों को बंद करने का आदेश आ गया है। जिसके बाद अब इन यूनिटों को सदैव के लिए बंद हो जाएंगी। कहा इन यूनिटों पर उत्पादन लागत अधिक आती थी जो वाणिज्यिक रूप से फायदेमंद नहीं था। बताया कि नई यूनिट लगाने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई है और एक से डेढ़ वर्ष के बीच इसे चालू कर दिया जाएगा। तब तक यहां के लगभग 60 फीसदी कर्मचारियों को अनपरा, हरदुआगंज, कोबरा और परीक्षा पॉवर हाउस स्थानांतरित कर दिया जाएगा।