बिज़नेस
आजादी के शताब्दी वर्ष में भारत उच्च मध्य आय वाला देश होगा: विश्व बैंक
By Deshwani | Publish Date: 4/11/2017 9:18:21 PM नई दिल्ली, (हि.स.)। विश्व बैंक की मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टलीना जॉर्जीएवा ने कहा है कि भारत में अगले एक दशक के अंदर घोर गरीबी का नामोनिशान नहीं रहेगा तथा अपनी आजादी के शताब्दी वर्ष (2047) तक भारत उच्च मध्य आय वाला देश हो जाएगा। उस समय भारत के ज्यादातर लोग विश्व के मध्यवर्ग का हिस्सा होंगे।
दिल्ली में कारोबार में सहूलियत (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) पर आयोजित एक सम्मेलन में उन्होंने कहा कि विश्व बैंक के अनुमान के अनुसार वर्ष 2026 तक भारत में घोर गरीबी का उन्मूलन हो सकता है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सक्रियता और इच्छाशक्ति को देखते हुए कहा जा सकता है कि यह लक्ष्य 2022 तक ही हासिल हो जाएगा।
विश्व बैंक की अधिकारी ने कारोबार में सहुलियत की सूची में भारत के सौंवे स्थान पर आने को एक उपलब्धि बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भारत 50वें स्थान पर आने की क्षमता रखता है।