बिज़नेस
पूंजी की कमी को जल्द दूर करे विश्व बैंक वरना वैश्विक भूमिका पर होगा असर: जेटली
By Deshwani | Publish Date: 15/10/2017 10:27:55 AM नई दिल्ली, (हि.स.)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने वाशिंगटन में वर्ल्ड बैंक डेवेल्पमेंट कमेटी की बैठक में कहा कि अब समय आ गया है कि विश्व बैंक को अपने धनाभाव को दूर करने के लिए प्रयास शुरू कर देना चाहिए। यदि ऐसा जल्दी नहीं किया गया तो विश्व बैंक पैसे की कमी के चलते दुनिया के विकास में अपनी भूमिका में पीछे रह जाएगा। जेटली अमेरिका के शहर वाशिंगटन में वर्ल्ड बैंक डेवेल्पमेंट कमेटी की बैठक में हिस्सा लेने गए हैं।
जेटली ने कहा कि विश्व बैंक को अब पूंजी की कमी की समस्या को जल्द से जल्द दूर करना होगा, वरना वैश्विक स्तर पर उसकी भूमिका कमजोर हो सकती है क्योंकि इससे उनका विश्व स्तर पर विकासात्मक कार्यों में रोल सिमटने लगेगा। जेटली ने जोर देकर कहा कि पूंजी की कमी के मुद्दे को अब और लंबे समय के लिए नहीं टाला जा सकता है। इससे विकासशील देशों में विकास परियोजनाओं पर असर पड़ेगा। इसके लिए जरूरी है कि सभी प्रमुख भागीदार साल 2018 के वसंत के पहले इस मुद्दे को सुलझा लें।