बिज़नेस
किसानों की कर्जमाफी का एसबीआई अध्यक्षा ने किया विरोध
By Deshwani | Publish Date: 15/3/2017 3:46:22 PM मुंबई, (हि.स.)। भारत की सबसे बड़ी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की अध्यक्षा अरुंधति भट्टाचार्य ने किसानों की कर्जमाफी के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा है कि यदि किसानों का कर्ज माफ किया गया तो इसका अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एक बार कर्ज माफ कर दिया जाता है तो आगे भी कर्ज लेकर किसान उसे भरेंगे नहीं बल्कि अगले चुनाव का इंतजार करेंगे। गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष सरकार से किसानों का कर्ज माफ करने की मांग कर रहा है और वह सदन नहीं चलने दे रहा है। किसानों के कर्ज माफी के मामले में हस्तक्षेप करते हुए एसबीआई की अध्यक्षा ने कहा है कि इससे गलत संदेश जाता है। एक बार कर्ज माफ करने के बाद किसान जब दुबारा कर्ज लेते हैं तो वे उसे भरते नहीं हैं और दूसरे चुनाव का इंतजार करते हैं। यह मदद करने की गलत पद्धति है। अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए भट्टाचार्य ने कहा है कि जब बैंकों की हालत खराब होती है तो वे सरकारी मदद की ओर देखते हैं। इसलिए सरकार को चाहिए कि वह किसानों की कर्ज माफी का कोई आश्वासन न दे और उन्हें कर्ज राशि को भरने के लिए प्रोत्साहित करें।