बिज़नेस
कपड़ों के बाजार में सालाना 12 प्रतिशत विस्तार की संभावना
By Deshwani | Publish Date: 15/9/2017 3:41:40 PMमुंबई। देश के तकनीकी कपड़ा बाजार में वृद्धि की काफी संभावना है और इसके सालाना 12 प्रतिशत वृद्धि के साथ 2020 तक 23 अरब डॉलर (1,50,000 करोड़ रुपए) पहुंच जाने का अनुमान है। कपड़ा आयुक्त कविता गुप्ता ने टेकटेक्सटाइल इंडिया, 2017 के दौरान यहां अलग से बातचीत में कहा, तकनीकी कपड़ा क्षेत्र में काफी संभावना है और देश में इसे उभरता हुआ उद्योग करार दिया जाता है।
प्रौद्योगिकी में पर्याप्त निवेश से उद्योग में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा, उद्योग 12 प्रतिशत वृद्धि के साथ 23 अरब डॉलर का हो जाने का अनुमान है। फिलहाल यह 18.16 अरब डालर (1,16,000 करोड़ रुपए) का है। वैश्विक तकनीकी कपड़ा निर्यात में भारत की हिस्सेदारी है। आयुक्त ने कहा कि देश का कपड़ा क्षेत्र देश के निर्यात में भी सर्वाधिक 14 प्रतिशत का योगदान कर रहा है। देश का कपड़ा बाजार 150 अरब डालर का है और 2020 तक इसके 250 अरब डॉलर का हो जाने का अनुमान है।