बिज़नेस
कर आतंकवाद बन गई है जीएसटी : चिदंबरम
By Deshwani | Publish Date: 23/7/2017 7:14:26 PM मुंबई, (हि.स.)। वस्तु व सेवाकर अर्थात जीएसटी के माध्यम से होने वाली आम नागरिकों से लूट की वजह से यह एक प्रकार का कर आतंकवाद के रूप में सामने आ रहा है। इस तरह का व्यक्तव्य पूर्व केंद्रीय वित्तमंत्री व कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने पुणे में पत्रकारों के साथ चर्चा करते हुए व्यक्त किया है। उन्होंने सरकार को आंतरिक सुरक्षा में नाकाम होने का भी आरोप लगाया है।
पुणे में श्रमिक पत्रकार संघ के साथ रविवार को चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस समय सरकार ने जो जीएसटी लागू किया है, वह उनकी सरकार की ओर से प्रस्तावित जीएसटी नहीं है। पिछली सरकार ने तय किया था कि जीएसटी के तहत सिर्फ 18 फीसदी तक ही एक ही टैक्स वसूला जाएगा। लेकिन वर्तमान सरकार ने 5 तरह का टैक्स लगाया है । हद तो यह है कि चाकलेट व बिस्किट पर अलग अलग टैक्स लगाया गया है। इस जीएसटी की वजह से व्यापारियों को एक ही राज्य में व्यापार करने के लिए कई तरह की कर अदायगी करनी पड़ रही है।
चिदंबरम ने कहा कि इससे धीरे-धीरे देश में इंस्पेक्टर राज का आगमन होने वाला है। उन्होंने कहाकि भारत-पाक सीमा पर हर दिन हमला हो रहा है। जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग विचारधारा की संयुक्त सरकार होने की वजह से वहां अशांति फैली हुई है। पूर्वोत्तर राज्यों में सरकार की गलत नीतियों की वजह से अशांति फैली हुई है। देश में नक्सलवाद की घटनाएं बड़े पैमाने पर बढ़ी हैं ,लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री अधिकार विहीन के जैसे बर्ताव कर रहे हैं। राज्य सहित देश के कई राज्यों में किसानों की आत्महत्या बढ़ गई है,लेकिन सरकार की ओर किसी भी तरह का सकारात्मक कदम नहीं उठाया जा रहा है।