बिहार
छपरा में सड़क निर्माण कंपनी के दो कर्मचारियों को गोली मारकर की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 13/1/2017 8:29:34 PMछपरा। बिहार के छपरा जिले में गुरूवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने सड़क निर्माण कंपनी के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी| इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक जिले के डेरनी थाना क्षेत्र के भगवानपुर में निर्माण कंपनी सृष्टि डेवलपमेंट के मैनेजर और मुंशी दोनों रात को बेस कैंप में सोये हुए थे| तभी कुछ हथियाबंद अपराधी आ धमके और दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी।
शुक्रवार की सुबह जब वहां कर्मचारी पहुंचे तो मैनेजर और मुंशी का शव बेड पर देख उनके होश उड़ गए| उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना के बाद से दहशत में आये कंपनी के कर्मचारी वहां से काम छोड़ जाने की तैयारी में हैं। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को कुछ खाली कारतूस मिले हैं। मारे गए लोगों में से एक मुंशी लाल बाबू मिश्रा मटिहानी बेगूसराय तथा दूसरा धर्मवीर पटना के बताये जा रहे हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि कंपनी की तरफ से रंगदारी मांगने जैसी कोई सूचना पुलिस को पहले से नहीं दी गई थी। पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है