बिहार
राबड़ी ने किया दावा सभी सीट पर होगी हमारी जीत
By Deshwani | Publish Date: 13/2/2018 6:18:48 PMपटना। एक लोकसभा और दो विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा के लिए मंगलवार को आरजेडी के संसदीय दल की बैठक हो रही है। पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राबड़ी देवी के नेतृत्व में हो रही इस बैठक में अररिया में होने वाले लोकसभा सीट और दो अन्य विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए प्रत्याशी के नाम पर चर्चा की जा रही है।
बैठक से पहले मीडिया से राबड़ी ने उपचुनाव में सभी सीट पर पार्टी की जीत का दावा किया। राबड़ी ने कहा कि जनता हमारे साथ है, लोग देख रहे हैं कि बीजेपी और जदयू क्या कर रही है। भभुआ सीट से कांग्रेस की दावेदारी पर चल रही खींचतान पर राबड़ी ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस के नेताओं को मीडिया में बात करने की जगह हमसे बोलना चाहिए। कांग्रेस का कोई लीडर हमारे पास नहीं आया और न किसी ने फोन किया। राजद संसदीय बोर्ड की बैठक में उपचुनाव की तीन सीटों के उम्मीदवारों पर अंतिम निर्णय होगा। भभुआ सीट पर कांग्रेस की दावेदारी पर भी इसमें चर्चा की जा रही है। बैठक में राजद उपाध्यक्ष जगदानंद, मंगनी लाल मंडल, मो. इलियास हुसैन, विधायक भोला यादव और तेजप्रताप यादव, तनवीर हसन शामिल हैं।
अररिया लोकसभा से पूर्व विधायक सरफराज आलम का लड़ना तय है। वे निवर्तमान राजद सांसद स्व. मो. तस्लीमुद्दीन के बेटे हैं। जहानाबाद से निवर्तमान राजद विधायक मुंद्रिका सिंह यादव के पुत्र सुदय यादव का लड़ना तय माना जा रहा है। भभुआ से वैसे राजद की तरफ से पूर्व विधायक रामचन्द्र यादव की मजबूत दावेदारी है, पर इस सीट पर महागठबंधन के सहयोगी कांग्रेस ने चुनाव लड़ने की बात कर पेच फंसा दिया है। इस संबंध में तेजस्वी यादव कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संपर्क में हैं। तेजस्वी मंगलवार की देर रात पटना लौटेंगे तो इस पर अंतिम निर्णय हो सकेगा।