बिहार
दुकान का ताला काट कर लाखों की संपत्ति की चोरी
By Deshwani | Publish Date: 8/12/2017 10:47:38 AMछपरा, (हि.स.)। सारण प्रमंडलीय मुख्यालय छपरा शहर में चोरों का आतंक काफी बढ़ गया है । गुरुवार की रात शहर के सलेमपुर स्थित मोबाइल की बड़ी दुकान मां टेलिकॉम का ताला काट कर लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति की चोरी कर ली गई। घटना की जानकारी दुकानदार को शुक्रवार की सुबह दुकान खोलने के बाद मिली। दुकानदार पंकज कुमार सिंह ने घटना की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी। नगर थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक विजय कुमार सिंह घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चोरी हुए सामानों का आकलन किया जा रहा है। तीन दिनों के अंदर शहर में चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। पहले तेलपा लाला टोली मुहल्ले में बंद पड़े घर का ताला काटा और लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली गई थी। भावनगर गुजरात में पदस्थापित आयकर आयुक्त मनीष कुमार के घर में तीन दिनों पहले हुई चोरी की घटना का सुराग भी पुलिस को नहीं मिला है और यह दूसरी बड़ी घटना हो गई। इससे शहर के नागरिकों में भय और दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया है। चोरी की बढ़ती घटनाओं ने नगर थाना की पुलिस की नींद उड़ा दी है। चोरी की बढ़ती घटनाओं पर काबू पाने में पुलिस की विफलता चर्चा का विषय बना हुआ है। मां टेलिकॉम के मालिक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो ताला कटा हुआ देख कर होश उड़ गए। अंदर जाकर जब देखा तो दुकान से नकद राशि, मोबाइल और अन्य सामान गायब पाया। थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। चोरी के सामानों का आकलन किया जा रहा है।