बिहार
दहेज व हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 6/12/2017 10:25:49 AMछपरा, (हि.स.)। सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के धर्मागत गांव में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव को गायब करने का मामला प्रकाश में आया हैं। इस मामले में पुलिस ने हत्या के आरोपी युवती के पति व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
धर्मानगत गांव निवासी शिव पूजन राय के पुत्र धर्मेंद्र राय की शादी समस्तीपुर जिला निवासी रामजी राय की पुत्री खुशबू से तीन साल पूर्व हुई थी, जिसका एक पुत्र भी है। शादी के बाद से पति बाइक के लिए दबाव बनाते और मारपीट भी किया करता था। इसकी सूचना खुशबू ने अपने मायके वालों को दिया करती थी। इस पर कई बार खुशबू के पिता धर्मागत गांव पहुंच कर उसके ससुराल वालों को समझाते और अपने दामाद को पैसा होते ही बाइक खरीद कर देने की बात कही थी।
इसके बावजूद मंगलवार की रात विवाहिता की हत्या कर शव गायब कर दिया। युवती के पिता को गांव वालों से सूचना मिली कि आपकी पुत्री की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही युवती के मायके वालों ने थाना पहुंच पति धर्मेंद्र राय, ससुर शुवपूजन राय, सास को नामजद कर प्राथमिकी दर्ज करायी गई।
थानाध्यक्ष श्रीचरण राम ने त्वरित करवाई करते हुए छापेमारी कर पति धर्मेंद्र राय तथा ससुर शिवपूजन राय को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या कर गायब किए गए शव का पता नहीं चल सका है। इसके लिए छान-बीन की जा रही है।