दरभंगा, (हि.स.)। बिहार में दरभंगा जिले के बिरौल प्रखंड के मिट्टी जांच केंद्र में विश्व मृदा दिवस के अवसर पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण समारोह मनाया गया।
मौके पर प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने कहा कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड मृदा प्रदूषण रोकने के उद्देश्य से सरकार द्वारा चलाया गया एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। जिस प्रकार मनुष्य के रोगों का ईलाज करने के लिए खून आदि की जांच जरूरी है, उसी प्रकार प्रदूषण के रोकथाम के लिए मिट्टी जांच भी जरूरी है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष माधव कुमार चौधरी ने कहा कि मिट्टी के उर्वरता की सुरक्षा हम सभी का प्रथम कर्तव्य है। इसके लिए नरेन्द्र मोदी सरकार मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाने के लिए विशेष योजना चला रही है। लोजपा प्रखंड अध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि मिट्टी की जांच करने से मिट्टी की उर्वरता बरकरार रखने में आसानी होती है।
समारोह में प्रखंड कृषि पदाधिकारी रतीशचंद्र झा ने बताया कि 14 दिसम्बर को प्रखंड मुख्यालय परिसर में चलंत मिट्टी जांच वाहन आएगी। उस दिन किसानों को हाथों-हाथ मृदा स्वास्थ्य कार्ड मिल जाएगा। मौके पर कृषि समन्वयक कृष्णकांत चौधरी, महेश महतो, राजीव कुमार , सुनील कुमार, शंभूनाथ झा, महेश चौधरी , दुर्गानंद चौधरी, रामनरेश सिंह, कौशल चौधरी इत्यादि उपस्थित थे।