बिहार
शरद के साथ जो हुआ, उसके लिए वह खुद जिम्मेवार: वशिष्ठ नारायण
By Deshwani | Publish Date: 6/12/2017 9:57:27 AMपटना, (हि.स.)। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा है कि शरद यादव के साथ जो हुआ, इसके लिए वह खुद जिम्मेवार हैं । शरद यादव ने जिस तरह का व्यवहार किया और पार्टी के निर्देश का उल्लंघन किया, उसी के अनुसार राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने उन्हें फैसला सुनाया। सिंह मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय में सीतामढी जिला के रुन्नीसैदपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी की पूर्व विधायक गुड्डी देवी के फिर से जदयू की सदस्यता ग्रहण के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वोपरि होती है। पार्टी से बड़ा कोई व्यक्ति नहीं होता। शरद यादव पार्टी के नेता रहे पर उन्होंने सरेआम पार्टी की नीतियों और निर्देशों का उल्लंघन किया। पार्टी के निर्देश के बावजूद वह कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुए और जिस दिन यहां पार्टी का कार्यक्रम था, उस दिन दूसरे कार्यक्रम में शामिल हुए। ऐसा करके उन्होंने खुद दल का त्याग कर दिया।
वशिष्ठ ने कहा कि पार्टी में उनका जनाधार नहीं होने के बाद भी पार्टी ने उन्हें सम्मान दिया। लेकिन उन्होंने स्वयं इसका उल्लंघन किया और नुकसान भी उन्हें ही हुआ। पार्टी तो जैसी थी, वैसी हीं है | मौके पर बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष त्रिपुरारी प्रसाद सिंह के पुत्र शांतनु ने राजद छोड़कर जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
गौरतलब है कि जदयू के बागी नेता शरद यादव और अली अनवर को बीती रात राज्यसभा से अयोग्य करार दिया गया तथा तत्काल प्रभाव से उनकी शरद यादव को पिछले वर्ष सदन के लिए चयनित किया गया था और उनका कार्यकाल वर्ष 2022 में खत्म होने वाला था। अनवर का कार्यकाल अगले वर्ष की शुरुआत में खत्म होने वाला था।