बिहार
बिहार में अभी चल रहा महाजंगल राज, अपराधी बन गए हैं सैंया: पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 27/11/2017 7:10:36 PMमृतक छोटू जायसवाल के परिजनों से मिले सांसद, मोतिहारी बंद में भी हुए शामिल
मोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
बीते 25 नवंबर को दिनदहाड़े कांग्रेस नेता छोटू जायसवाल की हत्या का मामला जोर पकड़ने लगा है। एक तरफ जहां सोमवार को राजद समेत विपक्षी दलों ने मोतिहारी बंद रखा, वहीं जनाधिकार पार्टी सुप्रीमो पप्पू यादव भी मोतिहारी पहुंचे व मृतक छोटू जायसवाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। सांसद पप्पू यादव मृतक के परिजनों के यहां करीब दो घंटे तक रुके और घटना की जानकारी भी ली। मृतक छोटू जायसवाल के परिजनों से मिलने के बाद पप्पू यादव खुद सड़क पर अपने समर्थकों के साथ उतर गए और हत्याकांड के विरोध में सरकार विरोधी नारे लगाए। पप्पू यादव और उनके समर्थकों का जत्था नारेबाजी करते हुए शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा और गांधी चौक होते हुए छतौनी तक गया।
इस दौरान इक्का-दुक्का खुले दुकानों को भी वे बंद कराते जा रहे थे। पप्पू यादव ने बिहार के वर्तमान शासन को महाजंगल राज से भी बड़ा बताया। उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा जंगल राज दुनिया में कही हो नहीं सकता है। उन्होंने नीतीश कुमार को चुनौती देते हुए कहा कि बिहार से जबतक अपराध और अपराधी राजनीति गठजोड़ खत्म नहीं होगा, तबतक जन अधिकार पार्टी संघर्ष करती रहेगी। कहा कि मोतिहारी पुलिस दो दिनों के बाद भी छोटू जायसवाल के कातिलों का पता नहीं कर पाई है। मोटरसाइकिल सवार अज्ञात अपराधियों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट लिखाई गई है। कहने वाले कह रहे हैं कि छोटू जायसवाल राजनीति में बढ़ रहा था,इसलिए मौत के घाट उतार दिया गया। कांग्रेस नेता मुनमुन जायसवाल के घर जैसे ही सांसद पप्पू यादव पहुंचे, पूरे घर में चीत्कार मच गया। मृत छोटू की बहन को संभालना बहुत ही मुश्किल हो रहा था।
मोतिहारी बंद में शामिल हुए
मुनमुन जायसवाल के घर शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद सांसद पप्पू यादव मोतिहारी की सड़कों पर उतर गये। छोटू जायसवाल हत्या-कांड के विरोध में आहूत मोतिहारी बंद में अपनी पार्टी जन अधिकार पार्टी (लो) के नेताओं व कार्यकर्ताओं के संग शामिल हुए . बढ़ते अपराध के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं प्रेस वार्ता में कहा कि बिहार में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। सभी अपराधी सैंया बने हुए हैं, जो जिस जाति का नेता है, वह अपनी जाति के अपराधियों को आगे बढ़ा रहा है। जेल से सब कुछ ऑपरेट करने की आजादी है। इस अवसर पर पार्टी के स्थानीय नेतागण मौजूद थे।