बिहार
किसानों को मोबाइल पर मिल रही है खेती की जानकारी
By Deshwani | Publish Date: 23/11/2017 1:31:36 PMछपरा, (हि.स.)। जिले के एक लाख पच्चीस हजार किसान कृषि पोर्टल पर निबंधित हैं। वे नियमित रूप से कृषि से जुड़ी समस्याओं, सूचनाओं तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना की जानकारी हासिल कर रहे हैं।
जिले के किसान अब हाइटेक हो गए हैं, वे मोबाइल, लैपटाप, टेबलेट, कंप्यूटर व इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। सरकार द्वारा बनाई गई वेबसाइट www.krishi.mis.nic.gov.in पर किसानों व कृषि से जुड़ी सारी जानकारी उपलब्ध है । इस वेबसाइट पर किसानों को अपना निबंधन कराने के साथ उसमें आइडी बनानी होता है। इसी तरह जिले के करीब पांच सौ किसानों को एक फर्टिलाइजर कंपनी के द्वारा फोर जी सिम कार्ड बांटा गया है जिससे उनको मोबाइल पर ही कृषि व किसानों से जुड़ी सूचना व जानकारी दी जा सके। मोबाइल के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक विधि से खेती करने की तकनीकी जानकारी, पौधा संरक्षण, मौसम से जुड़ी सूचना, सरकारी योजना की जानकारी, किसानों के समस्याओं से जुड़े सवालों का जवाब दिया जाता है। कृषि के क्षेत्र में हो रहे बदलाव, सरकार की नई योजना व योजनाओं में फेरबदल समेत महत्वपूर्ण सूचना भी मिल रही है।
मोबाइल तथा वेबसाइट पर कृषि व किसानों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध होने से उनका खेती करने का नजरिया बदल रहा है। किसान धर्मनाथ राय ने बताया कि इफको कंपनी के द्वारा मोबाइल का फोर जी सिम कार्ड दिया गया है जिससे कृषि से जुड़ी सूचना व जानकारी पाना आसान हो गया है। कृषि यांत्रिकरण से लेकर वैज्ञानिक विधि से खेती करने की तकनीकी जानकारी मिल जाती है और मौसम के बारे में सूचना प्राप्त करना आसान हो गया है। जिला कृषि पदाधिकारी जयराम पाल ने बताया कि देश व दुनिया के साथ सारण जिले के किसान भी बदल रहे हैं। यांत्रिकरण वैज्ञानिक विधि से खेती करने के मामले में यह जिला सबसे अग्रणी है।