बिहार
श्रीबाबू की जयंती पर लालू होंगे कांग्रेसियों के साथ, भाजपा के नेता भी मनायेंगे जयंती
By Deshwani | Publish Date: 20/10/2017 6:01:59 PMपटना, (हि.स.)। बिहार के प्रथम मुख्मयंत्री डा. श्रीकृष्ण सिंह की 130वीं जयंती पर शनिवार को पटना में कांग्रेस-राजद के नेता ज्ञान भवन में और भाजपा-हम के नेता श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में समारोह करेंगे। पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री अखिलेश प्रसाद सिंह की पहल पर आयोजित समारोह में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और कांग्रेस के बिहार प्रभारी महासचिव सीपी जोशी सहित अन्य नेता होंगे। इस आयोजन को बिहार में भाजपा के खिलाफ राजद-कांग्रेस की गोलबंदी के रूप में देखा जा रहा है। अखिलेख प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं । प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने पार्टी के प्रदेश नेताओं और जिलाध्यक्षों को ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में शरीक होने का फरमान दिया है।
इधर हम के नेता एवं पूर्व महामंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह की पहल पर पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित समारोह में मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद मुख्य अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित यूपी और केन्द्र के कई मंत्रियों के शामिल होने की भी उम्मीद है।