बिहार
करंट लगने से मौत को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
By Deshwani | Publish Date: 15/10/2017 12:28:10 PMभागलपुर (हि.स.)। बिहार के भागलपुर में करंट लगने से होने वाली मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पीरपैंती प्रखंड के श्रीनगर रिफातपुर में शम्भू नाथ पाण्डेय की करंट लगने से मौत हो गई। इससे नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया। घटना के समय वह अपने धान के खेत की ओर जा रहे थे। इसी बीच करंट लग गया। लोगों ने बताया कि 11 हजार वोल्ट का तार पहले से ही गिरा हुआ था,लेकिन बिजली कर्मियों ने लाइन नहीं कटवाया था। इस कारण खेत जाते समय वह तार की चपेट में आ गए। गांव की कुछ महिलाएं खेत में काम करने जा रही थी। तार में सटे देख शोर मचाया तब ग्रामीण जुटे और शव को हटाया।
घटना के बाद उनकी पुत्री मतालो, बेबी व पुत्र शेखर का रोते-रोते बुरा हाल हो गया। पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने पीरपैंती-गोड्डा मुख्य मार्ग एनएच 133 को रिफातपुर मोड़ के पास शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। वाहनों की लंबी कतार लग गई। नौ घंटों से बियावान बहियारनुमा जगह पर यात्री फंसे हैं। इसमें रांची, धनबाद, देवघर, गोड्डा आदि जगहों पर जाने वाले यात्री भी हैं। दूसरी तरफ पीरपैंती स्टेशन जाकर ट्रेन पकड़ने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हुई। कई यात्रियों की ट्रेनें छूट गई।