बिहार
कांग्रेस को पटना विवि के शताब्दी समारोह में भी दिखी सियासत
By Deshwani | Publish Date: 14/10/2017 7:17:43 PMपटना, (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने पटना विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह का तहेदिल से स्वागत के साथ कहा कि समारोह में भी राजनीति छाई रही। भाजपा के साथ गठबन्धन सरकार बनाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब असहज महसूस कर रहे हैं। भाजपा राज्य सरकार के तंत्र पर पूर्ण नियंत्रण की ओर बढ़ रही है।
उन्होंने शनिवार को यहां कहा कि समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की बार-बार मांग के बाबजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कोई आश्वासन नहीं देने से उनके एवं भाजपा के बीच असहजता का वातावरण पैदा हो गया। मांग को ठुकराना भाजपा एवं जनता दल(यू) में दरार की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी पर की गई व्यक्तिगत टिप्पणी अवांछनीय है। यह मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत पीड़ा, उनके चौधरी प्रेम एवं आपस के सम्बन्ध को दर्शाता है। उन्हें दूसरी पार्टी के अन्दरूनी मामलों पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिये।