बिहार
अगवा पंचायत रोजगार सेवक के लिए की गई छापेमारी
By Deshwani | Publish Date: 11/10/2017 3:29:33 PMजमुई, (हि.स.)। जमुई में नाटकीय तरीके से पंचायत रोजगार सेवक को अगवा करने के मामले में पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। झाझा प्रखंड के बलियाडीह पंचायत में पदस्थापित पंचायत रोजगार सेवक प्रदीप कुमार को पिछले दिनों अज्ञात लोगों ने घर से बुलाकर अगवा कर लिया था।
इस संबंध में अगवा रोजगार सेवक के भाई अमरदीप कुमार ने बरहट प्रखंड के डाढ़ा पंचायत के पूर्व मुखिया, विजय यादव पर अपहरण करने का आरोप लगाया था। बरहट थाना में उक्त मामले की प्राथमिकी में पूर्व मुखिया को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
इस अपहरण के पीछे सरकारी रुपये के गोलमाल का मामला है। वित्तिय वर्ष 2009-10 से 2015-16 तक की योजनाओं में खर्च की गई राशि का ब्यौरा जिलाधिकारी के आदेशानुसार जिला मुख्यालय में जमा करवाना था। योजनाओं में की गई गड़बड़ी पर पर्दा डालने की नीयत से पूर्व मुखिया, विजय यादव ने रोजगार सेवक प्रदीप कुमार को अगवा करवा लिया।
कार्य अवधि में प्रदीप कुमार ही वहां रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत थे। बरहट थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी मुखिया सहित अगवा पंचायत रोजगार सेवक की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।