बिहार
समाजवादी नेता भोला प्रसाद सिंह का राजकीय सम्मान के हुआ अंतिम संस्कार
By Deshwani | Publish Date: 10/10/2017 8:00:54 PM पटना, (हि.स.)। राममनोहर लोहिया के अत्यंत करीबी प्रख्यात समाजवादी नेता, बिहार के पूर्व मंत्री एवं राज्य नागरिक परिषद के पूर्व वरीय उपाध्यक्ष स्व. भोला प्रसाद सिंह का मंगलवार को दीघा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित राज्य के अन्य कई मंत्रियों ने घाट पर उनके पार्थिव शरीर का नम आँखों से अंतिम दर्शन किया तथा पुष्प-चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। दीघा घाट पर स्व0 भोला प्रसाद सिंह के पार्थिव शरीर की अंत्येष्टि संपन्न हुई । उनके पौत्र ने मुखाग्नि दी। घाट पर शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री बिनोद नारायण झा, नालंदा के जदयू सांसद कौशलेन्द्र सहित अनेक राजनेता, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति, उनके निकट संबंधी उपस्थित थे।