बिहार
करोड़ों के घपले में पैक्स अध्यक्ष ने किया सरेंडर
By Deshwani | Publish Date: 7/10/2017 4:41:24 PMबक्सर, (हि.स.)। सरकारी राशि गबन करने के मामले में इन दिनों पैक्स अध्यक्षों की उलटी गिनती शुरू हो गई है। जहां राशि के साथ-साथ अब उन्हें जेल भी जाना पड़ रहा है। इस बाबत जिले के राजपुर थाना केस संख्या 126/2015 के आरोपित देबधिया पैक्स अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जहां उन्हें पुलिस अभिरक्षण में जेल भेज दिया गया।
जिले में धान की खरीद को लेकर करोड़ों रुपये गबन का मामला प्रकाश में आया था। मामले के उजागर होने पर सरकार ने व्यापक मुहिम चलाकर घोटाले में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई शुरू कर प्राथमिकी दर्ज की गई।
इस संबंध में जिला प्रबन्धक खाद्य निगम उदयप्रताप सिंह ने अलग-अलग थाने में सात पैक्स अध्यक्षों पर अपराधिक षडयंत्र एवं सरकारी राशि गबन को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि पैक्स अध्यक्षों ने षड्यंत्र रचते हुए कुल 19372 क्विंटल धान का गबन किया जिसकी कीमत 03 करोड़ 24 लाख 73 हजार 300 रुपये है।
उक्त प्राथमिकी के बाद पुलिस के सख्त तेवर से भयभीत लोग एक के बाद एक जेल की हवा खाने लगे। पैक्स अध्यक्षों पर हो रही कार्रवाई के बाद जिले के अन्य घपलेबाजो में भी दहशत का माहौल है।