बिहार
बेहतर शिक्षक के बिना शिक्षा की गुणवत्ता में नहीं आ सकता सुधार : कुशवाहा
By Deshwani | Publish Date: 6/10/2017 9:01:03 PM पटना, (हि.स.)। बेहतर शिक्षक के बिना शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार नहीं आ सकता। प्रशिक्षित शिक्षक ही बच्चों को अच्छी शिक्षा दे सकते हैं। यह बातें शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कही।
कुशवाहा ने कहा कि पटना के गांधी मैदान में आगामी 15 अक्टूबर को उनकी पार्टी शिक्षा सुधार संकल्प महासम्मेलन का आयोजन करेगी। इसके लिए पार्टी बिहार में सात अक्टूबर से छह दिनों के एक रोड शो का आयोजन करेगी, जो प्रदेश के 15 जिलों से गुजरते हुए आगामी 12 अक्टूबर को पटना में संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय के एक निर्णय के अनुसार, प्राथमिक शिक्षा प्रणाली से जुड़े सभी अप्रशिक्षित शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करना अनिवार्य है। पूरे देश में प्राथमिक शिक्षा प्रणाली से जुड़े सभी अप्रशिक्षित शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा और मार्च 2019 के अंत तक अगर कोई शिक्षक अप्रशिक्षित बच जाएंगे तो एक शिक्षक के रूप में उनकी सेवा समाप्त हो जाएगी।