बिहार
लालू परिवार के खिलाफ कार्रवाई पर भड़का राजद
By Deshwani | Publish Date: 5/10/2017 9:52:25 PMपटना, (हि.स.)। बेनामी सम्पत्ति और रेलवे होटल ठेका घोटाला मामले में लालू परिवार के खिलाफ सीबीआई, आयकर और ईडी की चल रही कार्रवाई पर राजद ने कहा कि वे तमाम संकट के बावजूद एकजुट हैं। पार्टी नेताओं ने सीबीआई से सृजन घोटाला मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के भी खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पार्टी ने कोर्ट जाने तक की भी बात कही है। शुक्रवार को तेजस्वी यादव से पूछताछ होगी।
पार्टी के पूर्व सांसद जगदानंद सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली में राजद अध्यक्ष लालू यादव से सीबीआई मुख्यालय में हुई पूछताछ पर कहा कि सीबीआई जांच से वे लोग घबराने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा 'सृजन के घोटालेबाजों में सरकार बदलने की ताकत है। सृजन में गाढ़ी कमाई की लूट हुई है। जांच नहीं कराएंगे तो जनता अधिकार छीन लेगी। घपलेबाजों के खिलाफ हमलोग न्यायालय जाएंगे।'
उन्होंने कहा कि 'हमें सीबीआई से कोई समस्या नहीं है। सीबीआई दिल्ली में अपना काम कर रही है। हम लोगों को कानून पर भरोसा है। राजद अपना काम कर रहा है। समस्या तो सरकार में ऐसे लोग बैठे हैं जो जांच को प्रभावित कर रहे हैं।'