बिहार
कड़ी सुरक्षा में सृजन घोटाले के 17 आरोपियों को पेशी के लिए पटना ले जाया गया
By Deshwani | Publish Date: 3/10/2017 10:27:57 AMभागलपुर, (हि.स.)। बिहार के भागलपुर जेल में बंद सृजन घोटाले के 17 आरोपियों को मंगलवार को सीबीआई कोर्ट, पटना में पेश किया जाएगा। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी त्रिभुवन यादव ने सीबीआई कोर्ट के प्रोडक्शन वारंट के आलोक में आरोपियों को पटना ले जाने की अनुमति प्रदान कर दी है। देर रात भारी सुरक्षा के बीच आरोपियों को पटना ले जाया गया।
केन्द्रीय व विशेष केन्द्रीय कारागार में दो महिला समेत सृजन घोटाले के 17 आरोपी बंद हैं। पटना के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सीबीआई कोर्ट के विशेष न्यायाधीश गायत्री कुमारी ने मंगलवार को जांच कर्ता की अर्जी पर सृजन घोटाले के 17 आरोपियों के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया था। बुधवार को सीबीआई कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट केन्द्रीय कारागार व विशेष केन्द्रीय कारागार को भेज दिया था। गुरुवार को जेल प्रशासन ने आरोपियों की पेशी के लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी को पत्र लिखा था। जानकारी के मुताबिक सीबीआई कोर्ट ने आरसी केस नंबर 15/017 व 37/017 (508/017) के आरोपी पंकज कुमार झा, विजय कुमार गुप्ता, सुधांशु कुमार दास, अशोक कुमार अशोक और हरिशंकर उपाध्याय का प्रोक्शन किया है।