बिहार
आरा के पीरो में धारा 144, इंटनेट सेवा पर रोक
By Deshwani | Publish Date: 2/10/2017 4:05:25 PMपटना, (हि.स.)। भोजपुर जिले के आरा पीरो में तनाव के कारण पूरे जिले में प्रशासन ने इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी है।
गौरतलब है कि रविवार को पीरो नगर के पीटन देवी मंदिर रोड में ताजिया जुलूस के दौरान रविवार लगभग पांच बजे रोड़ा फेंकने के बाद दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। बाद में दोनों गुटों के बीच जमकर पथराव हुआ था। जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आक्रोशित लोगों ने दो दर्जन दुकानों में तोड़फोड़ भी की। पुलिस को स्थिति कंट्रोल करने के लिए फायरिंग करनी पड़ी।
आक्रोशित लोगों ने पथराव कर बोलेरो, बस बाइक समेत एक दर्जन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। रोड़ेबाजी के कारण पुलिस को बैरंग वापस लौटना पड़ा। घटना में शिवदत पंडित, विश्वनाथ साह, प्रिंस सिंह, जौदीन खां,अजय कुमार अरशद शेख को चोटें आई है। भाजपा नेता मदन स्नेही के बाएं कंधे में गोली लगी है। उन्हें आरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए आधा दर्जन राउंड फायरिंग करनी पड़ी।
इस मामले में सोमवार को पुलिस ने 15 लोगों को हिरासत में लिया है और तनाव की स्थिति को देखते हुए इलाके में धारा 144 लगाया गया है। कोई अनहोनी ना हो इसके लिए पूरे इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।