बिहार
कड़ी सुरक्षा के बीच दशहरा का त्योहार बिहार में संपन्न
By Deshwani | Publish Date: 30/9/2017 6:37:25 PM पटना (हि स)- कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच असत्य पर सत्य की जीत का त्यौहार दशहरा रावण दहन के साथ शनिवार को बिहार में संपन्न हो गया।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में दशहरा के मौके पर रावण दहन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित कई महत्वपूर्ण अतिथियों की उपस्थिति में रावण के पुतले का दहन किया गया।
रावण का पुतला दहन करने से पूर्व कुंभकरण एवं मेघनाद का पुतला दहन किया गया।
इस बीच आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि वर्ष 2014 में रावण दहन के दौरान हुए हादसे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये थे। सूत्रों ने बताया कि गांधी मैदान में रावण के पुतले के दहन के कार्यक्रम को देखने के लिए आने वाले हर व्यक्ति की जांच की गई। सी सी टीवी कैमरे के जरिए से प्रशासन गांधी मैदान के चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए था ।
लोगों की परेशानियों को देखते हुए ट्रैफिक की विशेष व्यवस्था की गई थी। सूत्रों ने बताया कि किसी भी तरह की परिस्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी।
सूत्रों ने बताया कि दशहरा के साथ-साथ मुहर्रम का त्यौहार पड़ने के कारण पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन कराया जा रहा है और साथी मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस के लिए भी सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है।