बिहार
शांतिपूर्ण माहौल में शारदीय नवरात्रि महापर्व का हुआ समापन
By Deshwani | Publish Date: 29/9/2017 5:22:32 PM कटिहार, (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि के नवमी को दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में सामूहिक हवन करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सामूहिक हवन के साथ शारदीय नवरात्रि का महापर्व का समापन शांतिपूर्ण एवं सद्भावना के साथ सम्पन्न हो गया।
नवरात्र के आखिरी दिन मंदिरों में सामूहिक हवन के साथ प्रसाद वितरण को लेकर जगह-जगह भंडारे की भी व्यवस्था थी। मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की जनसैलाब उमड़ती रही। मान्यता है कि माँ के नवें सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा व दर्शन से भक्तजनों की मनोकामना पूर्ण होती है।
शुक्रवार को जगत जननी माँ दुर्गा के दर्शन एवं पूजा-पाठ के लिए सार्वजनिक दुर्गा मंदिरों में प्रातः से ही महिला व पुरुष श्रद्धालुओं की करीब एक किलोमीटर लम्बी कतारें लगी रही। घटों लाइन में खड़े रहने के वावजूद भक्तजनों के जोश व उमंग देखते ही बन रहा था।
जिले में शांतिपूर्ण माहौल ने नवरात्र का पर्व सम्पन्न हो जाने से प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। जिला पदाधिकारी ने पूजा के दौरान जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखने एवं जिला प्रशासन को विधि-व्यवस्था में सहयोग के लिए लोगों आभार व्यक्त किया।