बिहार
मझौलिया में देसी पिस्तौल के साथ युवक धराया
By Deshwani | Publish Date: 27/9/2017 9:22:17 PMबेतिया। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
मझौलिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत शेख मंझरिया पुल के निकट से ग्रामीणों ने देसी कट्टा के साथ एक युवक रवीन्द्र सहनी को पकड़कर मौके पर पहुँची पुलिस को सौंपा। जानकारी थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि पुल के निकट एक चाय की दुकान पर मुन्ना सहनी और उसका बहनोई अनिल सहनी चाय पी रहे थे तभी रविन्द्र सहनी वहाँ डिस्कवर मोटरसाईकिल से पहुँचा। जैसे ही कट्टा निकालकर मुन्ना सहनी को मारना चाहा तभी लपक कर दोनों ने उसे पकड़ लिया। देखते देखते ग्रामीण पहुँच गए और रविन्द्र सहनी की बुरी तरह पिटाई कर दी। सूचना पर एसआई सुधीर कुमार और थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कट्टा के साथ धराये युवक को मेडिकल जांच के लिए मझौलिया पीएचसी भेजा है।
थानाध्यक्ष श्री चौहान ने बताया कि गिरफ्तार युवक मझौलिया थाना कांड संख्या 337और 338 /17 का नामजद अभियुक्त है। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है। बताते चलें कि विक्रमा सहनी और मुन्ना सहनी के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर शेख मंझरिया हमेशा सुर्ख़ियों में रहता है।