बिहार
नीतीश ने किया बाढ़ क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण, कहा-पीड़ितों की मदद में नहीं होगी कोताही
By Deshwani | Publish Date: 14/8/2017 4:58:04 PMपटना, (हि. स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को सीमांचल के चार जिलों अररिया, किशनगंज,कटिहार और पूर्णिया जिलों में आयी अचानक बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर प्रशासन को पीड़ितों को हरसंभव मदद कराने का निर्देश दिया। पटना लौटकर उन्होंने कहा कि पीड़ितों के लिए राहत शिविर खोलने के साथ घरों में फंसे पीड़ितों को तैयार भोजन भी सुलभ कराया जायेगा। बाढ़ से हुई क्षति की भरपाई करने की हरसंभव कोशिश होगी।
मुख्यमंत्री ने दोपहर मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह के साथ पूर्णिया पहुंचकर वहां कैम्प कर रहे आपदा प्रबंधन मंत्री दिनेशचंद्र यादव सहित अन्य अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति की जानकारी लेने के बाद उन्हें साथ लेकर हवाई सर्वेक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने पटना लौटकर कहा कि प्रभावित जिलों के डीएम और प्रभारी सचिवों को भी मंगलवार को संबंधित जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ का जायजा लेंगे ताकि राहत एवं बचाव कार्य में उन्हें मदद मिले। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी घटने लगा है पर बड़ी आबादी प्रभावित है। पानी निकलने में समय लगेगा। पीड़ितों को राहत शिविरों में लाने की व्यवस्था हो रही है|
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन दिनों में अत्याधिक वर्षा के कारण अचानक बाढ़ की समस्या आयी है। अररिया, किशनगंज और कटिहार जिलों में शहरों में भी बाढ़ का पानी फैला है। उत्तर बिहार के कई जिलों यथा पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ का पानी निकलने पर सड़क एवं रेल सेवा बहाल करने की तत्काल कार्रवाई होगी। पटना पहुंचने के साथ उन्होंने वरिष्ठ नौकरशाहों की बैठक कर राहत एवं बचाव कार्य की रणनीति पर विमर्श के साथ शीघ्रातिशीघ्र कदम उठाने का निर्देश दिया।