बिहार
बिहार के सीमांचल में बाढ़ की स्थिति विकराल, केन्द्र से राहत एवं बचाव की गुहार
By Deshwani | Publish Date: 13/8/2017 1:42:02 PMपटना, (हि.स.)। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही भारी वर्षा तथा बिहार के सीमांचल जिले पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज में पिछले 24 घंटों से हो रही भारी वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति विकराल हो गयी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाढ़ की स्थिति की निरतंर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय गृह सचिव से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें बिहार में बाढ़ से उत्पन्न पूरी स्थिति से अवगत कराते हुये मुख्यमंत्री ने संभव सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ के 10 अतिरिक्त टुकड़ियों की मांग की है। साथ ही बचाव एवं राहत कार्य हेतु वायुसेना के हेलिकाॅप्टर भेजने का अनुरोध किया है। प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आष्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव आपदा प्रबंधन तथा क्षेत्रीय पदाधिकारियों से सम्पूर्ण स्थिति के बारे में शनिवार को पूर्वाहन जायजा लेने के साथ युद्धस्तर पर बचाव एवं राहत कार्य चलाने एवं प्रभावकारी कार्रवाई करने का उन्हें निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों के जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत कर सम्पूर्ण स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मुख्य सचिव एवं प्रधान सचिव आपदा प्रबंधन विभाग को सेना की सहायता प्राप्त करने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने राज्य में प्रतिनियुक्त एनडीआरएफ के अतिरिक्त बल को प्रभावित इलाकों में तुरंत पहॅुचने का निर्देश दिया। सीएम ने बाढ़ में फंसे लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहॅुचाने का निर्देश दिया है। सम्पूर्ण स्थिति पर मुख्यमंत्री अपनी नजर बनाये हुये है।