बिहार
रक्सौल में भी महिला की चाेटी कटी, आंखों में कटी रात, तरह-तरह की चर्चा
By Deshwani | Publish Date: 9/8/2017 8:00:47 PMरक्सौल। अनिल कुमार
शहर के अहिरवा टोला प्रेमनगर वार्ड न०7 में एक महिला की चोटी कटने का मामला प्रकाश में आया है। अहिरवा टोला की निवासी विजय गिरि की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि वह मंगलवार की रात अपने दो बेटे व बेटी के साथ कमरे में सोयी थी। इस दौरान रात के करीब 11:10 मिनट पर एका-एक उसका सर भारी हो गया और लगा जैसे की कोई चोटी में कैंची लगाकर बाल काट रहा है। इसके बाद जैसे ही उनकी नींद खुली तो कुछ भी नहीं था और जूड़ा के पास बाल कटा हुआ था। पिंकी देवी ने बताया कि वह अपने बेटे रोहित, रंजन व खूशबू के साथ कमरे में थी। इधर, रात में ही जैसे लोगों को घटना की खबर मिली लोग वहां जमा हो गये, इसके बाद पूरी रात लोगों ने जागकर बिताया। ग्रामीण जोहरा खातून, निभा देव, बबीता देवी, एतवारी देवी आदि ने बताया कि इस घटना के बाद से हमलोग भय में है, रात को कोई नहीं सोया है। इस घटना को लेकर कई तरह की अफवाह पर चर्चा हो रही है। कुछ लोगों का कहना था कि रात में एक काला कुत्ता आया था जो पिंकी देवी के घर में गया, लेकिन वापस नहीं निकला। अहिरवा टोला की महिलाओं ने बताया कि हम सभी महल्ले के लोग दूसरी जगहों की घटना को सुनकर पहले से ही अपने घरों के दरवाजे पर और तकिया के नीचे सोते वक्त नीम का पत्ता रख रहे हैं।