बिहार
पुलिस ने पताही से दो नक्सलियों को दबोचा, कई कांडों में वांछित
By Deshwani | Publish Date: 6/8/2017 9:26:00 PMपताही। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
पताही पुलिस ने बोकनेकला गांव से शनिवार रात छापेमारी कर दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान जयलाल राम व नागेंद्र भगत के रूप में हुई है। पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया था, जिसके बाद यह गिरफ्तारी की गई। पुलिस गिरफ्तार दोनों नक्सलियों से पूछताछ कर रही है। पताही थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों नक्सली चम्पापुर गांव निवासी पूर्व मुखिया स्व. शिवजी सिंह के परिजनों से रंगदारी मांगने के मामले में आरोपित हैं। पूछताछ में दोनों ने इस मामले में अपनी संलिप्तता भी स्वीकारी है। दोनों पहले भी नक्सली कांडों में जेल जा चुके हैं। पुलिस दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। पूर्व मुखिया के परिजनों को नक्सलियों ने सात फरवरी 2015 को उनके चम्पापुर गांव स्थित सड़क के बगल वाले प्लॉट पर बैनर लगाकर भविष्य में जमीन को नहीं बेचने की धमकी देते हुए लाखों की रंगदारी मांगी थी। जमीन बेचने व रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। इसको लेकर परिवार वालों ने अज्ञात नक्सलियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया था। मामले में पुलिस अब तक आधा दर्जन नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूर्व में गिरफ्तार नक्सलियों ने पूछताछ में उक्त कांड में इनके शामिल होने जानकारी दी थी। इसी आधार पर इन्हें गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नक्सलियों से अभियान एएसपी एचएस गौरव ने भी थाना पहुंचकर पूछताछ की। छापेमारी में थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, दरोगा दुलारचंद राम व अन्य शामिल थे।