बिहार
छात्रा के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक को घोंपा चाकू
By Deshwani | Publish Date: 6/8/2017 12:40:14 PMछपरा, (हि.स.)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उमानगर में शनिवार की शाम को कुछ मनचले युवक छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे, इसका विरोध एक युवक ने किया तो उसे मनचलों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल युवक मढौरा थाना क्षेत्र के बहुआरापट्टी गांव के निवासी हैं। घायल का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है और घटना के बाद घायल ने जब मुफस्सिल थाना की पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने कोई नोटिस नहीं लिया।
जब छात्रा ने एसपी से शिकायत की तो पुलिस सक्रिय हुई। सदर अस्पताल में भर्ती घायल से घटना की जानकारी लेने से पहले नगर थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रवि कुमार पहुंचे। बाद में मुफस्सिल थाना की पुलिस आई। घटना के बारे में घायल युवक धनंजय सिंह ने बताया कि उसकी भतीजी कोचिंग करने गई थी और लौटने के दौरान कुछ मनचले युवकों ने बाजार समिति के पीछे वाले गेट के पास उसके साथ छेड़छाड़ की। इसकी सूचना छात्रा ने अपने परिजनों को दी। जब धनंजय वहां पहुंच कर घटना के बारे में पूछा तो मनचले युवकों ने चाकू घोंप कर घायल कर दिया। युवक को पेट में चाकू लगी है।