कटिहार, (हि.स.)। कटिहार के प्राणपुर विधानसभा से भाजपा विधायक सह सूबे के खान एवं भूतत्व मंत्री विनोद कुमार सिंह का एनडीए कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय, कटिहार में गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अशोक अग्रवाल, कटिहार सदर से भाजपा विधयाक ताराकिशोर प्रसाद, लोजपा जिला अध्यक्ष मो जाहिद, जदयू के जिला अध्यक्ष सहित हजारों की संख्या में लोग मजूद रहे।
कटिहार में कई वर्षों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर खुशी की लहर देखी गई। मंत्री विनोद कुमार सिंह ने पटना से कटिहार पहुंचने के बाद सर्वप्रथम मिरचाईबाड़ी स्थित सर्वमंगला सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना कर सूबे के विकास के लिए मां दुर्गा से आशीर्वाद मांगा।
इसके बाद खुली जीप में विनोद सिंह ने कटिहार शहर के मुख्यमार्ग जीआरपी चौक, शहीद चौक डॉ० राजेन्द्र प्रसाद पथ, दुर्गास्थान चौक, पटेल चौक, मेजर आशुतोष मार्ग सहित कई मुख्य मार्गो से गुजरते हुए नागरिकों का अभिनंदन स्वीकार किया।
अभिनंदन जुलूस में सैकड़ों की संख्या में मोटरसाइकिल व दर्जनों चारपहिया वाहन के साथ साथ डीजे साउंड मंत्री के आगे पीछे चल रही थी। विदित हो कि विधयाक विनोद कुमार सिंह 1995 2000 व 2010 से लगातार प्राणपुर विधानसभा से चुनाव जीतते आ रहे हैं।