बिहार
फरक्का का नये ढंग से हो निर्माण, बाढ़ समस्या को हो स्थायी निदान : पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 3/8/2017 6:13:46 PMपटना। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा है कि फरक्का बांध का नये ढंग से निर्माण किया जाये, ताकि बाढ़ की समस्या समाधान हो सके। आज जारी बयान में उन्होंने कहा कि गाद के कारण गंगा की समस्या गंभीर होती जा रही है।
श्री यादव ने कहा कि गाद के कारण नदियों के अस्तित्व पर संकट मंडराने लगा है। गतिशीलता और अविरलता नदियों की जीवन है, लेकिन गाद के कारण समस्या भयावह होती जा रही है। उन्होंने कहा कि कई सरकारी और गैरसरकारी समितियों ने नदियों में गाद की समस्या का अध्ययन किया और अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपी। सभी समितियों ने गाद पर गंभीर चिंता जतायी है और इसके समाधान की राह निकालने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि गंगा में 200 से अधिक नदियां आकर मिलती हैं। वे अपने साथ गाद भी लाती हैं। इस कारण फरक्का बांध के पास गाद जमा हो रहा है। इससे गंगा के समक्ष कई तरह की चुनौती खड़ी हो गयी है।
कोसी में हाईडैम बनाने की मांग को दुहराते हुए उन्होंने कहा कि कोसी की तबाही बिहार झेल चुका है। इस त्रासदी से निजात के लिए नदियों को जोड़ना आवश्यक हो गया है। इससे बाढ़ नियंत्रण के साथ जल प्रबंधन भी संभव हो सकेगा। श्री यादव ने कहा कि कोसी सौ सालों में 200 किलोमीटर राह बदल चुकी है। बिहार में गंडक, कोसी, महानंदा, परमान आदि नदियों को जोड़ दिया जाता तो बाढ़ की समस्या का समाधान संभव था।