बिहार
मांझी-कुशवाहा की सफाई : नई सरकार के गठन से नाराज नहीं
By Deshwani | Publish Date: 1/8/2017 7:26:29 PMपटना, (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हम के अध्यक्ष जीतन राम मांझी और रालोसपा के उपेंद्र कुशवाहा ने राज्य में नवगठित जदयू-राजग की नयी सरकार के गठन पर खुशी जाहिर करते कहा कि इससे बिहार के विकास को गति मिलेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने मंगलवार को यहां नीतीश से उनके आवास पर मिलकर बधाई भी दी। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में नयी सरकार के गठन पर उनकी नाराजगी की खबर को गलत बताया और कहा नीतीश को मेरा समर्थन मिला है।
विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि साझा सरकार में केन्द्रीय मंत्री एवं लोजपा अध्यक्ष राम विलास पासवान के भाई पशुपति कुमार पारस को बिना विधायक रहते मंत्री बनाने की तरह हम का भी प्रतिनिधित्व चाहते हैं । वे अपने पुत्र को मंत्री बनाना चाहते हैं।
इधर, रालोसपा के अध्यक्ष उपेन्द्र प्रसाद कुशवाहा ने भाकपा नेता जितेन्द्रनाथ को रालोसपा में शामिल करने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में नयी सरकार के गठन से नाराज होने की खबर को गलत बताते कहा कि केन्द्र की तरह बिहार में भी सत्ता में भाजपा की साझेदारी से राज्यमें विकास को गति मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि रालोसपा से विधायक सुधांशु शेखर भास्कर को मंत्री बनाने के प्रस्ताव को नीतीश कुमार ने अमान्य कर दिया। उपेन्द्र कुशवाहा से नाराज चल रहे विधायक ललन पासवान को नीतीश मंत्री बनाना चाहते थे। इसी कारण मंत्रिमंडल में रालोसपा का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। नीतीश विरोधी उपेन्द्र कुशवाहा की राजद से नजदीकी बढ़ने पर चर्चा अक्सर चलती रहती है।