बिहार
राजद सबसे बड़ा दल,सरकार बनाने का दावा करेगा: भाई वीरेन्द्र
By Deshwani | Publish Date: 26/7/2017 10:02:15 PM पटना, (हि.स.)। राजद विधायक भाई वीरेन्द्र ने कहा कि विधानसभा में अकेले 80 विधायकों के संख्या बल होने के कारण उनकी पार्टी राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। कांग्रेस व अन्य भाजपा विरोधी विधायकों का सहयोग मिलेगा।
नीतीश कुमार की कार्यशैली के खिलाफ अक्सर मुखर रहे राजद विधायक ने दावा किया कि भाजपा के साथ जाने पर नीतीश कुमार की राजनीति मिट्टी में मिल जायेगी। उन्होंने महागठबंधन को मिले पांच वर्षों के जनादेश का अनादर कर महागठबंधन तोड़ने का राजनीतिक पाप किया है। जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का नीतीश ढोंग करते हैं । अपराधियों को प्रश्रय देने का उनका पुराना रिकार्ड रहा है। उन्होंने कहा कि महामहिम राज्यपाल से नयी सरकार बनाने के लिए पहले सबसे बड़ा दल के नाते राजद को मौका देने की अपेक्षा है।