बिहार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हालत अपहृत विमान के पायलट जैसी : मोदी
By Deshwani | Publish Date: 25/7/2017 7:12:25 PMपटना, (हि.स.)| बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने मंगलवार को कहा कि 26 साल की उम्र में 26 बेनामी सम्पत्ति अपने नाम कराने वाले तेजस्वी प्रसाद यादव के समर्थन में राजद नया कुतर्क दे रहा है कि सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार जारी है, इसलिए इस मुद्दे पर जीरो टालरेंस की बात करना दिखावा है।
संवाददाताओं के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव को बताना चाहिए कि यदि समाज में गरीबी, शोषण और सामाजिक अन्याय जारी है, तो उसके खिलाफ संघर्ष नहीं होना चाहिए या नहीं ? उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को महागठबंधन की बागडोर सौंपने के समय भी राजद ने आनाकानी की थी और अब पूरी व्यवस्था को ही राजद भ्रष्टाचार के गहरे गड्ढे में डुबोना चाहता है | उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हालत अपहृत विमान के पायलट-जैसी हो गई है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने बेनामी सम्पत्ति जमा कर परिवार की सात पीढ़ियों का इंतजाम कर लिया, वे विकास में तेजी लाकर रोजगार सृजन की नीतियों का विरोध कर रहे हैं।