बिहार
देश की उन्नति में आयकर की महती भूमिका : कुलपति
By Deshwani | Publish Date: 24/7/2017 5:43:43 PMदरभंगा, (हि.स.)| कासिंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डा. सर्वनारायण झा ने कहा कि देश के चहुँमुखी विकास में आयकर की महती भूमिका है। विश्व स्तर पर देखें तो आयकर प्रणाली के मामले में भारत सबसे आगे है। आयकर विभाग बिल्कुल ही फ्रेंडली है और यहां के कार्य भी उतना ही पारदर्शी। सोमवार को आयकर दिवस के मौके पर दरभंगा कार्यालय में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के बाद उपरोक्त बातें कही।
इससे पहले कुलपति द्वारा आयकर दिवस को उत्सव दिवस की संज्ञा देते हुए विभागीय परिसर में पेड़ लगाये गए। बताते चलें कि आयकर विभाग सोमवार को अपनी स्थापना की 157वीं बर्षगांठ मना रहा है और इसी अवसर पर पहले राष्ट्रगाण फिर पौधारोपण का कार्यक्रम आहूत किया गया। मौके पर कुलपति डा. झा ने इसे जनसरोकार का आदर बताते हुए कहा कि वैज्ञानिक, अधिकारी या फिर कर्मचारी बनाने के लिए अपने यहां ढेरों उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित हैं, लेकिन मानवता को बढ़ावा देने के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है, जबकि हकीकत यह है कि बिना मानवता के राष्ट्रवाद व देशभक्ति की परिकल्पना ही नहीं की जा सकती है। जागरूक नागरिक राष्ट्र की भावना के वाहक हैं। कुलपति ने आर्थिक रूप से सबल प्रत्येक नागरिक से आयकर विभाग की औपचारिकताओं को पूरा करने का आह्वान किया।