बिहार
लालू-नीतीश सरकार ने फिर बिहार को बदल दिया जंगलराज में : सुशील मोदी
By Deshwani | Publish Date: 20/7/2017 6:10:31 PMआरा, (हि.स.)। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राज्य अपराध और आतंक के साए में है। महागठबंधन की लालू-नीतीश सरकार ने बिहार को फिर से जंगलराज में बदल दिया है। आरा में गत दिनों हुए व्यवसायी कृष्णा सिंह की हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने के बाद आरा परिषदन में प्रेस से बातचीत करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम ने राज्य की विधि व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है और अपराधी बेलगाम हो गए हैं। आरा में प्रशासन और भू माफिया गठजोड़ ने आम आदमी का जीना हराम कर दिया है।
आरा में कृष्णा सिंह की हत्या इसका उदाहरण है। कृष्णा सिंह के परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए भोजपुर के एसपी, राज्य के डीजीपी, मुख्य सचिव और मुख्यमंन्त्री नीतीश कुमार को लिखित रूप से अवगत कराया था और जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और हत्या हो गई। वर्तमान सरकार को संवेदनहीन बताते हुए सुशील कुमार मोदी ने हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पूर्व डिप्टी सीएम के साथ भाजपा के जिलाध्यक्ष मिथिलेश कुशवाहा, पूर्व मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक आशा देवी, अमरेंद्र प्रताप सिंह सहित कई भाजपा नेता शामिल थे।