बिहार
गोपालगंज में भाजपा नेता की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 19/7/2017 8:33:40 PM
गोपालगंज, (हि.स.)| बिहार के गोपालगंज में भाजपा नेता कृष्णा शाही की हत्या अज्ञात अपराधियों ने कर दी। श्री कृष्णा मंगलवार को हथुआ थाना के मांझा गांव में लालबाबू राय के घर श्राद्ध कर्म में गये थे। रात को वे घर नहीं लौटे। बुधवार सुबह परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। दोपहर को मांझा गांव के गणेश स्थान के पास एक कुएं से कृष्णा का शव अर्धनग्न हालत में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने घटना के विरोध में तोड़फोड़ और सड़क जाम कर दिया। शव मिलते ही हजारों की संख्या में लोग मांझा गांव पहुंचे। हंगामा कर रहे लोगों को रोकने के लिए कई थानों की पुलिस को तैनात किया गया है। घटना स्थल पर जिले के एसपी डीएम कैम्प कर रहे हैं। गौरतलब है कि कृष्णा शाही नौतन थाना क्षेत्र के हथुआ चैनपुर गांव के रहने वाले थे। वह वर्तमान में प्रदेश प्रभारी का पद संभाल रहे थे।