बिहार
पकड़ीदयाल में मामूली विवाद में पत्नी को पीट-पीट कर मार डाला
By Deshwani | Publish Date: 24/6/2017 9:13:01 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के मठिया भंगहिया गांव में शनिवार को मामूली विवाद में पति ने अपनी पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद वह फरार हो गया। मृतका कृष्णा साह की पत्नी उषा देवी बताई जाती है। सूचना पर पुलिस ने लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं मामले की छानबीन की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों पति-पत्नी में किसी बात को लेकर काफी दिनों से मनमुटाव चल रहा था। इस बीच आज भी किसी बात को लेकर दोनों में विवाद बढ़ गया। इससे तमतमाए पति ने उषा की पिटाई शुरू कर दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई, इसके बाद कृष्णा मौके वारदात से फरार हो गया। इधर गांव में इस हत्या के बाद तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग इस हत्या को कई एंगल से देख रहे हैं। बहरहाल पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।