बिहार
भाजयुमो की बैठक में पटना मार्च की रूपरेखा तैयार
By Deshwani | Publish Date: 23/6/2017 2:54:32 PMआरा (भोजपुर), (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 28 जून को लोक नायक जय प्रकाश नारायण के पटना स्थित आवास से मुख्यमंत्री आवास तक आक्रोश मार्च की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला इकाई की बैठक शुक्रवार को शहरी क्षेत्र के महाराजा हाता में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजयुमो के जिला अध्यक्ष डॉ.अमरेंद्र शक्रवार ने की । बैठक में बतौर क्षेत्रीय प्रभारी सुधीर कुमार मंटू, जिला प्रभारी कृष्ण मोहन पासवान और भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष बलराम सिंह भी उपस्थित थे।
साथ ही भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. सुरेंद्र सागर, डॉ.अनिल कुमार, दीपक सिंह, मनीष प्रभात, पवन सिंह, संतोष पाण्डेय आदि भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 28 जून को पटना के आक्रोश मार्च में भारी संख्या में भाजयुमो के नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद नित्यानंद राय के नेतृत्व में आक्रोश मार्च के दौरान रास्ते में मिलने वाले सभी शैक्षणिक कार्यालयों में तालाबंदी की जायेगी। राज्य के व्याप्त शैक्षणिक अराजकता, बिगड़ती कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ आयोजित आक्रोश मार्च में आरा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी के लिए अलग से प्रदेश कार्यसंमिति सदस्यों की बैठक संपन्न हुई।