बिहार
बिहार के भी 39 लाख किसानों के 22 हजार करोड़ का कर्ज माफ करे नीतीश सरकार : सुशील मोदी
By Deshwani | Publish Date: 22/6/2017 6:43:55 PMपटना, (हि.स.)। बिहार भाजपा विधानमंडल दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब और कर्नाटक के किसानों की तरह बिहार के भी 39 लाख किसानों के लगभग 22 हजार करोड़ रुपये कर्ज को माफ करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कृषि रोड मैप के फेल होने, सरकार द्वारा किसानों की ऊपज की खरीद नहीं होने से बिहार के किसानों की हालत खस्ता है।
गुरुवार को उन्होंने कहा कि बिहार के 39 लाख किसानों पर 21,615 करोड़ का अल्पकालीन कृषि ऋण है। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सरकार ने एक-एक लाख तक के कर्ज माफ कर जहां दो करोड़ किसानों को राहत दी है, वहीं कर्नाटक ने भी 50 हजार रुपये तक के ऋण को माफ कर 22 लाख किसानों का लाभ पहुंचाया है। बिहार सरकार को भी 39 लाख किसानों के हित में कर्ज माफी का निर्णय लेना चाहिए। इसके अलावा बिहार सरकार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, तेलांगाना, आन्ध्र प्रदेश ,राजस्थान और पंजाब की तरह किसानों को ब्याजरहित ऋण देना चाहिए। मोदी ने कहा कि इस साल 90 लाख मे. टन धान का रिकार्ड उत्पादन होने के बावजूद राज्य सरकार मात्र 18 मे. टन ही खरीद पाई । नतीजतन, किसानों को औने-पौने दाम पर अपनी ऊपज को बेचने के लिए बाध्य होना पड़ा। वहीं, दूसरा कृषि रोड मैप (2012-17) अपने सभी मानकों पर बुरी तरह फेल रहा है। डीजल अनुदान के भुगतान और कृषि यंत्रीकरण में भी सरकार विफल रही है। ऐसे में सरकार को किसानों के कर्ज को माफ करने के साथ ही उन्हें अगली फसलों के लिए ब्याजरहित ऋण देना चाहिए।