बिहार
रामनाथ कोविंद को समर्थन देंगे पप्पू यादव
By Deshwani | Publish Date: 22/6/2017 10:21:25 AM पटना, (हि.स.)। जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद का समर्थन करेंगे। बुधवार को पटना में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री वैंकेया नायडू और भाजपा के महामंत्री और सांसद भूपेंद्र यादव ने कोविंद के समर्थन देने के संबंध में बातचीत की थी। इसके बाद अपनी पार्टी के वरीय पदाधिकारियों से विमर्श करके कोविंद को समर्थन देने का फैसला किया।
यादव ने कहा कि कोविंद एक अच्छे इंसान और सुलझे हुए राजनीतिज्ञ हैं। वह कानूनविद होने के साथ-साथ 12 वर्षों तक राज्य सभा के सदस्य भी रह चुके हैं। उनके राष्ट्रपति बनने से देश की संसदीय परंपरा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल निर्विवादित रहा है और उन्होंने इस संवैधानिक पद के ऊंचे मूल्यों को स्थापित किया है। यादव ने कहा कि रामनाथ कोविंद के राष्ट्रपति बनने से बिहार भी गौरर्वान्वित होगा।