बिहार
रक्सौल में शौच के लिए सड़क पर आईं महिलाओं में से एक को कुचला, युवती की मौत
By Deshwani | Publish Date: 18/6/2017 7:36:22 PMयुवती की मौत के बाद शोकाकुल परिजन।
रक्सौल। अनिल कुमार।
रक्सौल इलाके में अक्सर महिलाओं को शौच के लिए सड़क के किनारे आना पड़ता है। शायद इनके परिजन अपने घरों में शौच का निर्माण करना जरूरी नहीं समझते। इसी का नतीजा है कि शनिवार की देर शाम अनुमंडल के हरैया ओपी क्षेत्र में बाइपास सड़क पर बैठी महिलाओं में एक युवती की जान चली गयी। जबकि अन्य महिओं ने सड़क के नीचे कूद कर अपनी जान बचानी पड़ी। हादसा कल रात करीब 9 बजे की है। एक तेज रफ्तार से आ रही गाड़ी से उक्त हादसा हुआ। बताया जाता है कि इस दुर्घटना में हरैया वार्ड 13 नया बस्ती निवासी वैद्यनाथ पडित की 18 वर्षीय पुत्री सुनीता कुमारी की मौत हो गयी। यूपी नम्बर की बोलेरो गाड़ी घटना को अंजाम देने के बाद असंतुलित होकर पलट गयी। घटना के बाद बोलेरो चालक व उसपर सवार लाेग भागने में सफल रहे। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय गांव की कुछ महिलाओं के साथ सुनीता शौच के करने के लिए गयी थी। महिलाएं सड़क पर किनारे शौच के लिए बैठी थीं। तभी बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार से उसी साइड से गाड़ी निकालने की कोशिश की जिधर महिलाएं बैठी थीं। महिलाएं सड़क के नीचे कूद गयी। लेकिन सुनीता बोलेरो की चपेट में आ गयी। जिससे उसकी टांग व कमर व रीढ़ की हड्डी टूट गयी। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद बोलोरो को भगाने के प्रयास में असंतुलित हो गयी और वह पलट गयी। इसके बाद गाड़ी पर सवार तीन लोग व ड्राइवर भाग निकलें। पुलिस ने बोलोरो को जब्त कर लिया है।
बताया जा रहा है कि नेपाल को जोड़ने वाले सुगौली-रक्सौल पथ में रामगढ़वा के आगे सड़क के किनारे महिलाएं शौच करते अक्सर दिख जाती है। वे अंधेरे में सड़क के किनारे शौच को जाती हैं। उनके घरों में अभी तक शौचालय का निर्माण नहीं हो सका है। ये महिलाएं खेतोंमें सांप- व बिच्छूओं के भय से सड़क पर शौच करना आसान समझती हैं। जिससे ऐसी सड़क दुर्घटनाएं अक्सर हो जाया करती हैं।