बिहार
कल भाजपा में शामिल होंगे पूर्व मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह
By Deshwani | Publish Date: 10/6/2017 4:25:51 PM आरा (भोजपुर), (हि.स.)। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह रविवार को भाजपा में शामिल होंगे। पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के समक्ष और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, मंगल पांडेय, सांसद आर के सिन्हा की उपस्थिति में पूर्व मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह भाजपा में शामिल होंगे। सिंह बड़हरा से कई बार विधायक रहे हैं और लालू प्रसाद यादव के साथ उनकी पार्टी से जुड़े रहे है ।
राजद में बगावत करने को लेकर लालू ने उनका टिकट काट दिया था और गत विधानसभा चुनाव में वे समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में उनकी हार हो गई थी। तबसे वे लगातार भाजपा में शामिल होने का प्रयास कर रहे थे। उनके समर्थकों का भी दबाव था कि वे भाजपा में शामिल हो जाएं। राघवेंद्र प्रताप सिंह के समर्थक पटना जाने के लिए कार्यकर्ताओं से संपर्क साध रहे हैं और उम्मीद है कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पटना के समारोह में शामिल होंगे।