बिहार
इंटर के रिजल्ट में आई गिरावट के खिलाफ डीईओ कार्यालय पर प्रदर्शन
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2017 5:02:40 PMआरा, (हि.स.)। बिहार में इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल विज्ञान के 70 प्रतिशत छात्रों के फेल हो जाने के बाद राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कला संकाय में भी भारी संख्या में छात्र छात्राएं फेल हुए हैं। रिजल्ट आने के बाद से ही बिहार की राजनैतिक गलियारों में भूचाल आ गया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने तो राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत कर दी है। खुद भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष और बांकीपुर पटना के विधायक नितिन नवीन असफल छात्रों को साथ लेकर सड़क पर उतर आए। नितिन नवीन के नेतृत्व में पटना में प्रदर्शन हुए है और राज्य के राज्यपाल को ज्ञापन भी दिया गया है।
राज्यव्यापी आंदोलन के तहत पुरे राज्य में सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारियों के कार्यालयों में तालाबंदी कर भाजयुमो कार्यकर्ताओं में रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। आरा में प्रदर्शन कर रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य के होनहार इंटर के छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं प्राथमिक स्कूल के शिक्षकों से जांच करा दी गई। शिक्षकों के हड़ताल के बाद शिक्षा मंत्री के आदेश पर जिला शिक्षा पदाधिकारियों ने नियमों को ताक पर रख कर कॉपियों की जांच कराई। नतीजा हुआ कि बिहार के छात्र बड़ी संख्या में फेल हो गए।
आरा में प्रदर्शन और तालाबंदी का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अमरेंद्र शक्रवार ने किया। आंदोलन में भाजयुमो नेता पंकज श्रीवास्तव, अजय यादव, सुमित सिंह, संजय तिवारी, वरुण सिंह आदि शामिल थे। इसके पहले भाजयुमो के नेताओ ने दो दिन पूर्व जिलाधिकारी भोजपुर को भी इस संबंध में एक ज्ञापन दिया था जिसमें उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में बरती गई अनियमितता की जांच संबंधी मांग राज्य सरकार तक पहुंचाने की मांग की गई थी।