बिहार
बिहार सरकार नहीं करना चाह रही है राज्य का विकास: भाजपा
By Deshwani | Publish Date: 4/6/2017 7:43:03 PM पटना, (हि.स.)| बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने नीतीश सरकार पर आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि राज्य सरकार बिहार को विकास की धारा से दूर करने की कोशिश कर रही है|
उन्होंने यहाँ कहा कि यही कारण है कि सरकार अपने योजनाओं की राशि खर्च नहीं कर रही है1 राज्य सरकार ने कई योजनाओं के लिए 79361 करोड़ रूपये रखें हैं लेकिन अभी तक राशि खर्च करना भी शुरू नहीं किया गया है| प्रेम कुमार ने कहा कि राज्य के 44 विभागों में से सिर्फ चार विभाग ने मिलकर अभी तक सिर्फ 913 करोड़ रुपये ही खर्च कर पाए हैं और बाकि 40 विभागों ने तो अभी तक राशि को छुआ भी नहीं है| इस तरह से काम करने से राज्य का विकास नहीं हो सकेगा इस सच्चाई से राज्य सरकार वाकिफ है|
उन्होंने कहा कि पिछले वितीय वर्ष में भी अंतिम समय तक राशि को खर्च नहीं किया गया और अंतिम में किसी तरह से आनन-फानन में राशि को खर्च किया गया जो जमीन पर नहीं दिखा| उन्होंने कहा कि आखिर क्या कारण है कि सरकार राशि को समय पर खर्च नहीं करना चाहती| उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही की वजह से बिहार का विकास रुका हुआ है| दूसरी तरफ शिक्षा घोटाला ने बिहार को बदनाम कर दिया है और नीतीश कुमार सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने के लिए बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों के बावजूद शिक्षा मंत्री को नहीं हटा रहे हैं| उन्होंने कहा कि सरकार की गलती का खामियाजा अधिकारी और छात्र भुगत रहे हैं|